Sunday, 22 September 2024

राहुल गांधी के आरक्षण विरोधी बयान से पूरे देश में आक्रोश - शंभूनाथ टुंडिया

 


भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री शंभूनाथ टुंडिया एवं मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव ने पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के साथ रविवार को बोर्ड आफिस चौराहा स्थित बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के पश्चात राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन कर बयान की निंदा की। मोर्चा ने प्रदेश कार्यालय में प्रबुद्धजनों की बैठक आयोजित कर राहुल गांधी के बयान की भर्त्सना की।


राष्ट्रीय महामंत्री शंभूनाथ टुंडिया ने बोर्ड आफिस चौराहा पर प्रदर्शन के दौरान एवं प्रदेश कार्यालय में प्रबुद्धजनों को संबोधित करते हुए कहा कि राहुल गांधी द्वारा अमेरिका में आरक्षण के विरोध में दिए बयान को लेकर पूरे देश में आक्रोश है। कांग्रेस पार्टी और उसके नेता अपने राजनीतिक हित साधने के लिए संविधान और संवैधानिक प्रक्रियाओं का दुरुपयोग करते रहे हैं। संविधान और दलितों के अपमान की भावना उसकी नस-नस में है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा अमेरिका में आरक्षण के विरोध में दिया गया बयान भी कांग्रेस की इसी भावना का परिचायक है। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा उनके इस बयान की निंदा करता है और इसके खिलाफ प्रदेश के हर जिले में जनजागरण किया जा रहा है।

  

मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव ने कहा कि राहुल गांधी के बयान से पूरे देश के अजा समाज में आक्रोश है। कांग्रेस पार्टी ने लगभग 57 वर्षों तक देश पर शासन किया, लेकिन इस दौरान कभी उसने संविधान में प्रदत्त मूलभूत आरक्षण के सिद्धांत को सही भावना और स्वरूप में लागू करने की इच्छा शक्ति नहीं दिखाई। पं. नेहरू ने ही बाबा साहेब अंबेडकर के सामाजिक और राजनीतिक जीवन का समाप्त करने का षडयंत्र रचा। कांग्रेस ने डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर का हमेशा अपमान किया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा अमेरिका में आरक्षण के विरोध में दिया गया बयान बेहद निदंनीय है, जिसका मोर्चा पुरजोर विरोध करता है। मोर्चा पूरे प्रदेश में विरोध दर्ज करा रहा हैं।

  

प्रदर्शन के दौरान नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, डॉ. पंकज कुमार, सूरज खरे सहित मोर्चा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Note: only a member of this blog may post a comment.