Monday, 22 July 2024

Raksha Bandhan 2024: अनोखी पहल… सब्जी भाजी के रेशे से बिहान की महिलाएं बना रहीं हर्बल राखी


CG News: चांपा। किसान स्कूल बहेराडीह में इस समय बिहान की महिलाएं कृषि अवशेष सब्जी भाजी और फल फूल के रेशे से रंग बिरंगी हर्बल राखियां बना रहीं हैं। बिहान से जुड़ी गंगे मईय्या महिला स्व सहायता समूह की महिलाएं पिछले 7 साल से इस कारोबार को कर रही हैं और प्रतिवर्ष राखी त्यौहार के समय इनकी अच्छी आमदनी हो जाती है।



जिले में यह एक ऐसा गांव है, जहाँ की महिलाएं सीजन के हिसाब से कई तरह के कारोबार करती हैं। समूह की अध्यक्ष लक्ष्मीन यादव, सचिव पुष्पा यादव ने बताया कि बलौदा ब्लॉक अंतर्गत कुरदा कलस्टर के ग्राम बहेराडीह की गंगे मईय्या महिला स्व सहायता समूह बिहान से जुड़कर कई तरह की आजीविका गतिविधियों का संचालन करके आमदनी ले रही हैं।


फल सब्जियों के रेशे का प्रयोग

किसान स्कूल में कृषि अवशेष साग सब्जी और फल फूल के रेशे निकालकर रंग बिरंगी हर्बल राखी बनाने का काम महिलाएं कर रही हैं। इनमे केले का रेशा, लाल भाजी और चेंच भाजी के रेशे के अलावा धान, गेहूं ,चावल के दानों का भी उपयोग किया जाता है।


खेती का काम हमारी पहली प्राथमिकता

समूह की महिलाओं ने बताया कि इस समय खेती का काम हमारी पहली प्राथमिकता है। खेत से घर लौटने के बाद समय निकालकर प्रतिदिन सुबह, दोपहर और शाम के समय राखी बनाने का काम करतीं हैं। महिलाओं की इस तरह के काम मे बच्चे भी बड़े शौक से करते हैं।


प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को भेजेंगी राखी

बिहान की इन महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णदेव साय समेत स्थानीय प्रशासन को डाक से अपने बिहान समूह द्वारा बनाई गई हर्बल राखी भेजने का निर्णय लिया है।


एनआरएलएम बिहान से जुड़ी गंगे मैया महिला स्व सहायता समूह बहेराडीह को शासन की ओर से रिवाल्विंग फंड के अलावा एनसीपी लोन और उनके मांग के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में लोन बैंक से दिया गया है। बैंक में समूह का लेनदेन भी बहुत ही अच्छा है। - 

अरुण कुमार यादव, एडीईओ, जनपद पंचायत बलौदा, जिला जांजगीर चाम्पा।

No comments:

Post a Comment

Note: only a member of this blog may post a comment.