Friday, 26 September 2025

मणप्पुरम फाइनेंस में 4.5 करोड़ का गोल्ड घोटाला

 मणप्पुरम फाइनेंस में 4.5 करोड़ का गोल्ड घोटाला



26 ग्राहकों का असली सोना बदलकर रखा नकली, मैनेजर-एएम संदेह के घेरे में


डबरा। न्यायालय के पास स्थित मणप्पुरम फाइनेंस लिमिटेड की शाखा में करीब 4.5 करोड़ का बड़ा गोल्ड घोटाला सामने आया है। कंपनी की आंतरिक ऑडिट में खुलासा हुआ कि 26 ग्राहकों का करीब 4 किलो 380 ग्राम असली सोना नकली सोने से बदल दिया गया। मामला तब सामने आया जब एक ग्राहक अपना जेवर लेने पहुंचा और उसका पैकेट नकली निकला। इसके बाद 8 लॉकरों की जांच की गई, जिसमें 26 पैकेट फर्जी पाए गए।


घोटाले की जानकारी मिलते ही कंपनी के एरिया मैनेजर और विजिलेंस अधिकारी मौके पर पहुंचे और वरिष्ठ प्रबंधन को सूचना दी। प्रारंभिक जांच में शाखा प्रबंधक चंद्रभान कुशवाहा और असिस्टेंट मैनेजर विकास शर्मा पर संदेह गहराया, क्योंकि लॉकर की चाबियाँ इन्हीं दोनों के पास रहती थीं। प्रबंधन ने दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया है। सिटी थाना प्रभारी यशवंत गोयल ने बताया कि कंपनी अधिकारियों ने शिकायत दर्ज कराई है और मामला गंभीर जांच के दायरे में है।


जैसे ही खबर फैली, कंपनी के बाहर ग्राहकों की भारी भीड़ जुट गई। कई लोग घबराए हुए थे कि उनका सोना सुरक्षित है या नहीं। बताया जा रहा है कि शाखा में करीब 11 करोड़ रुपए मूल्य का सोना ग्राहकों का सुरक्षित रखा गया था। ग्रामीण अंचल से आए ग्राहकों में डर और गुस्से का माहौल है, जबकि कंपनी प्रबंधन का कहना है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद ग्राहकों को भरोसा दिलाने और समाधान की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Note: only a member of this blog may post a comment.