Friday, 30 August 2024

बिहार के राजगीर में ग्‍यारह नवम्‍बर से शुरू होगी महिलाओं की एशियाई चैंपियन्‍स ट्रॉफी

 


हॉकी इंडिया ने घोषणा की है कि महिलाओं की एशियाई चैंपियन्‍स ट्रॉफी 2024 इस वर्ष ग्‍यारह नवम्‍बर से बिहार के राजगीर में शुरू होगी। हॉकी इंडिया और बिहार सरकार के इस संयुक्‍त कार्यक्रम को 11 नवम्‍बर और 20 नवम्‍बर के बीच राजगीर हॉकी स्‍टेडियम में आयोजित किया जाएगा।


एशियाई हॉकी संघ के अध्‍यक्ष दातो फुमियो ओगुरा ने घोषणा की है कि महिलाओं की आठवीं एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी भारत में आयोजित होगी। हॉकी इंडिया के अध्‍यक्ष डॉ. दिलीप तिरकी ने बताया कि यह हॉकी के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। यह राज्‍य में पहली बार एक अंतर्राष्‍ट्रीय स्‍पर्धा के आयोजन को भी दर्शाता है।


पिछले वर्ष हॉकी झारखंड ने रांची में महिलाओं की एशियाई चैंपियन्‍स ट्रॉफी की मेजबानी की थी। इसमें भारतीय टीम चैंपियन बनकर उभरी थी। मौजूदा चैंपियन भारत के अलावा इस स्‍पर्धा में ओलंपिक की रजत पदक विजेता टीम चीन, जापान, कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड भाग ले सकते हैं।


No comments:

Post a Comment

Note: only a member of this blog may post a comment.