मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को ग्वालियर में पं. दीनदयाल उपाध्याय मंडल के महाराजपुरा शक्ति केंद्र में संगठन पर्व कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश के लोकतंत्र को सुरक्षित रखने में अहम भूमिका निभा रही है। भारतीय जनता पार्टी देश की एक मात्र राजनीतिक पार्टी है, जिसके अंदर भी लोकतंत्र है। भाजपा के अंदर चुनाव प्रक्रिया से संगठन का निर्माण होता है। देश के आजाद होने के बाद एक ही व्यक्ति प्रधानमंत्री और कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष दोनों पद पद बैठे थे। पार्टी संगठन ने संगठन पर्व के तहत मध्यप्रदेश में डेढ़ करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। आप सभी पार्टी कार्यकर्ता संगठन पर्व के लक्ष्य को प्राप्त करने में अपनी महती भूमिका निभाएं। इस अवसर पर मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा का संगठन की दृष्टि से संगठन पर्व चल रहा है। पहले राष्ट्रीय स्तर पर, फिर प्रदेश स्तर पर और जिला स्तर पर कार्यशालाएं हुई हैं। अब शक्ति केंद्र स्तर पर कार्यशालाएं हो रही हैं। 31 अगस्त को देश भर के साथ प्रदेश के सभी बूथों पर कार्यशालाएं आयोजित होंगी।
भारत की सेना सबसे सशक्त और अनुशासित है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश का भाजपा कार्यकर्ता अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए जाना जाता है। आप सभी पार्टी कार्यकर्ता संगठन पर्व में भागीदार बनें और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़कर इसे भी ऐतिहासिक बनाएं। भारत की सेना विश्व की सबसे ताकतवर सेनाओं में शामिल है। हमारे देश की सेना सबसे सशक्त और अनुशासित सेना है। संयुक्त राष्ट्र संघ भी कई देशों मे शांति स्थापित करने के लिए सेनाएं भेजता है, वहां भी भारत की सेनाएं उत्कृष्ट कार्य करती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों में देश सुरक्षित है। किसी भी देश को चलाने में लोकतंत्र की सबसे बड़ी भूमिका होती है। भारतीय जनता पार्टी देश के लोकतंत्र को सुरक्षित रखने में अहम भूमिका निभा रही है। लोकतंत्र की रक्षा के लिए जनसंघ ने अपना अस्तित्व तक समाप्त कर लिया। बाद में जनसंघ भारतीय जनता पार्टी बनी। हम सब सौभाग्यशाली हैं कि देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों में सुरक्षित है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में चार जतियां बताई हैं, गरीब, युवा, महिला और किसान। मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार इन चारों जातियों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार रोजगार के अधिक से अधिक अवसर पैदा करने के लिए निवेश को बढ़ावा दे रही है। उज्जैन, जबलपुर के बाद आज ग्वालियर में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। आने वाले दिनों में प्रदेश के अन्य संभागों में भी रोजगार को बढ़ाने के लिए कार्य किया जाएगा। मैं 3 सितंबर को संगठन पर्व के तहत पार्टी की सदस्यता लूंगा। आप सभी अपने-अपने बूथों पर घर-घर संपर्क कर लोगों को भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा किए जा रहे कल्याण के कार्यों और उपलब्धियां जनता को बताएं और उन्हें पार्टी का सदस्य बनाएं।
इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री रामनिवास रावत, सांसद भारत सिंह कुशवाहा, पार्टी के प्रदेश मंत्री केशव सिंह भदौरिया एवं जिला अध्यक्ष अभय चौधरी मंचासीन रहे।

No comments:
Post a Comment
Note: only a member of this blog may post a comment.