Weather News: देशभर में जारी मानसूनी बारिश कई राज्यों के लिए आफत का सबब बनती दिख रही है। पहाड़ी राज्यों में हो रही मूसलाधार बारिश के कारण भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई है। उत्तराखंड में कई राजमार्ग बंद हो गए हैं, तो वहीं कई राज्यों में बाढ़ के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त है और सैकड़ों लोग प्रभावित हुए हैं।
इन राज्यों में ऐसा है हाल
दिल्ली
दिल्ली में लंबे समय से जारी गर्मी से लोगों को राहत मिली है। बीती रात से यहां लगातार बारिश देखने को मिली है। इससे कई क्षेत्रों में जलजमाव देखने को मिला है।
उत्तराखंड
उत्तराखंड में हुई भूस्खलन की घटना के कारण मंगलवार को जोशीमठ में चुंगीधार के पास बदरीनाथ हाईवे बंद हो गया है, जिससे हजारों लोग फंस गए। इसके बाद सीमा सड़क संगठन ने मार्ग से मलबा हटाया। इसी बीच पहाड़ टूटने से मार्ग पर फिर पत्थर जमा हो गए, जिसे भी हटाया है। फिलहाल क्षेत्र में यातायात बहाल हो गया है। वहीं, राज्य में लगातार बारिश भी देखने को मिल रही है।
हिमाचल
हिमाचल प्रदेश में भी लगातार भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही है। शिमला में करीब 10 मार्ग बंद है। राज्य में मौसम विभाग ने भारी बारिश की संभावना जताते हुए, येलो अलर्ट जारी किया है।
बिहार
बिहार में बिजली गिरने की घटनाओं से मौत का मामला थमता नजर नहीं आ रहा है। पिछले 24 घंटे में 21 लोगों की मौत हो चुकी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घटना पर दुख जताते हुए, मृतक के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। अब तक राज्य में 70 लोग बिजली गिरने की घटनाओं के कारण जान गवां चुके हैं।
उत्तर प्रदेश
नेपाल में कोसी बराज खोले जाने के बाद और लगातार हो रही बारिश के चलते उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। सैकड़ों गांव जलमग्न हो गए हैं। इससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
मुंबई
मुंबई पिछले कुछ दिनों से लगातार जारी बारिश के कारण सड़कें जलमग्न हो चुकी है। लोकल ट्रेनें भी प्रभावित हो रही है। शुक्रवार को भी मुंबई में भारी बारिश देखने काे मिली है।
ऐसा रहा मौसम का हाल
पिछले 24 घंटे में मेघालय में भारी बारिश देखने को मिली है।
गुजरात और सिक्किम में अत्यंत भारी बारिश दर्ज की गई।
बिहार, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी अच्छी बारिश हुई है।

No comments:
Post a Comment
Note: only a member of this blog may post a comment.