Sunday, 14 July 2024

International News: जानलेवा हमले के बाद सामने आया डोनाल्ड ट्रंप का पहला रिएक्शन, 'भगवान ने बचाया...'


Donald Trump Reaction On Attack: पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पर पेनसिल्वेनिया में जानलेवा हमला हुआ. वो चुनाव प्रचार के दौरान बटलर में अपना भाषण देने के लिए गए थे और जैसे ही उन्होंने अपनी स्पीच शुरू तभी गोलियां चलने लगीं. इस हमले में उनके कान में गोली लगी. पूरी घटना पर डोनाल्ड ट्रंप की पहली प्रतिक्रिया आई है.



डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "कल आपके विचारों और प्रार्थनाओं के लिए आप सभी का धन्यवाद, क्योंकि यह केवल ईश्वर ही था जिसने अकल्पनीय घटना को होने से रोका. हम डरेंगे नहीं, बल्कि अपने विश्वास में दृढ़ रहेंगे और दुष्टता का सामना करने के लिए दृढ़ रहेंगे. हमारा प्यार अन्य पीड़ितों और उनके परिवारों के लिए है. हम उन लोगों के ठीक होने की प्रार्थना करते हैं जो घायल हुए और हमारे दिलों में उस नागरिक की याद है जो इतनी बुरी तरह मारा गया." 


'ये एकजुट बने रहने का समय'

उन्होंने आगे कहा, "इस समय, यह पहले से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण है कि हम एकजुट रहें और अमेरिकियों के रूप में अपना असली चरित्र दिखाएं. मजबूत और दृढ़ रहें और बुराई को जीतने न दें. मैं वास्तव में अपने देश से प्यार करता हूं और आप सभी से प्यार करता हूं और इस सप्ताह विस्कॉन्सिन से हमारे महान राष्ट्र से बात करने के लिए उत्सुक हूं."


आज होनी थी उम्मीदवार की घोषणा

दरअसल, पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को एक चुनावी रैली में गोली मारी गई. अगले ही दिन रिपब्लिकन पार्टी औपचारिक रूप से उन्हें व्हाइट हाउस के लिए अपना उम्मीदवार घोषित करने वाली थी. उससे ठीक एक दिन पहले उन पर हत्या का प्रयास किया गया. गोली लगने के बाद ट्रंप ने अपने चेहरे के दाहिने हिस्से को टच किया और फिर जमीन पर गिर पड़े. सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने उन्हें बचाने के लिए खुद को उन पर झोंक दिया. जब वे उठे, तो एजेंट उन्हें अंदर ले गए.


इससे पहले पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल पोस्ट में कहा, मुझे एक गोली लगी जो मेरे दाहिने कान के ऊपरी हिस्से में लगी. मुझे तुरंत पता चल गया कि कुछ गड़बड़ है. मैंने एक तेज आवाज सुनी, और फिर गोली चली. मैंने तुरंत महसूस किया कि गोली मेरी स्किन को चीरती हुई निकल रही है. बहुत ज़्यादा खून बह रहा था, फिर मुझे एहसास हुआ कि क्या हो रहा है.


सीक्रेट सर्विस ने बताई पूरी घटना


सीक्रेट सर्विस ने एक बयान में कहा कि 13 जुलाई की शाम को लगभग 6:15 बजे, पेंसिलवेनिया के बटलर में पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप की रैली के दौरान एक संदिग्ध शूटर ने रैली स्थल के बाहर एक ऊंचे स्थान से मंच की ओर कई गोलियां चलाईं. यूएस सीक्रेट सर्विस के कर्मियों ने शूटर को मार गिराया, जो अब मर चुका है. यूएस सीक्रेट सर्विस ने तुरंत सुरक्षा के उपाय किए और पूर्व राष्ट्रपति सुरक्षित हैं और उनकी जांच की जा रही है. एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.


वहीं, राष्ट्रपति जो बाइडेन ने इस हमले के बाद राष्ट्र के नाम एक संदेश में कहा, मैं जल्द ही उनसे बात करने की कोशिश करूंगा. अमेरिका में इस तरह की हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है. यह बहुत ही भयानक है. रैली बिना किसी समस्या के शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित की जानी चाहिए थी.

No comments:

Post a Comment

Note: only a member of this blog may post a comment.