Tuesday, 19 September 2023

दर्शक ने की तारीफ तो अमिताभ बच्चन ने उपहार दे दी अपनी जैकेट


जबलपुर। संस्कारधानी निवासी अभय दुबे ‘कौन बनेगा करोड़पति‘ शो की दर्शकदीर्घा में अपनी पत्नी रश्मि दुबे के साथ बैठे थे। उन्होंने ब्रेक के दौरान अपने आदर्श अभिनेता अमिताभ बच्चन से बातचीत करने की जुगत भिड़ाई। इसके लिए उनकी जैकेट की तारीफ कर दी। फिर क्या था, अमिताभ बच्चन ने चिर-परिचित हंसी के साथ वादा कर दिया कि शो खत्म होते ही यह जैकेट आपको भेंट कर देंगे।



शो के बाद मिला बच्चन से उपहार


अभय दुबे ने बताया कि जैसे ही शो खत्म हुआ हमें अमिताभ बच्चन की वेनिटी के समीप बुलाया गया। वहां अमिताभ बच्चन ने अपने हाथों से जैकेट उपहार कर दी। साथ ही कहा-देखिए अपना वादा निभा रहा हूं। इससे मुझे व मेरी पत्नी को अत्यधिक खुशी मिली। उस समय जो महसूस हुआ उसे अभिव्यक्त करने के लिए हमारे पास शब्द नहीं हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि अमिताभ बच्चन का जबरदस्त फैन हूं।


दरअसल, मैंने पाया कि नजदीक से अमिताभ बच्चन से मुलाकात का आनंद एकदम अलहदा है। वे स्क्रीन से भी अधिक हकीकत में आकर्षक हैं। उनका बोलचाल का लहजा, बेहद सम्मोहक है। गोरेगांव फिल्मसिटी में जिसने भी यह दृश्य देखा वह अपने प्रशंसकों के प्रति अमिताभ बच्चन के सद्व्यहार की तारीफ किए बिना नहीं रहा।



इस तरह हुआ संवाद



अभय दुबे : सर आपकी जैकेट बहुत अच्छी लग रही है।


अमिताभ बच्चन : सर, कंपनी का है।


अभय दुबे : आपके कारण अच्छी लग रही है।


अमिताभ बच्चन : अभी जब खेल खत्म होगा, भाई साहब ये हम उतारकर आपको दे देंगे, वचनबद्ध हैं हम। जितने पुरुष यहां पर हैं, सोच रहे हैं, हमें पूछना चाहिए था, हमें मिल जाती जैकेट।

No comments:

Post a Comment

Note: only a member of this blog may post a comment.