राजभवन में मंत्रि-परिषद् शपथ ग्रहण समारोह संपन्न
राजभवन में आयोजित संक्षिप्त एवं गरिमामय समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने तीनों नवनियुक्त मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के अलावा केंद्रीय कृषि मंत्री एवं प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और अनेक जनप्रतिनिधि, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
विधानसभा चुनाव के ठीक पहले क्षेत्रीय, जातिगत और राजनैतिक दृष्टि से संतुलन के उद्देश्य से नए मंत्रियों को शपथ दिलायी गई है। मंत्रिमंडल में अब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के अलावा मंत्रियों की संख्या बढ़कर 33 हो गयी है। इसमें 25 कैबिनेट मंत्री और आठ राज्य मंत्री शामिल हैं। दो सौ तीस सदस्यीय राज्य विधानसभा में तय मापदंड के अनुरूप मुख्यमंत्री शिवराज सिंह समेत अधिकतम 35 मंत्री हो सकते हैं। इस तरह अब भी एक पद रिक्त है। विंध्य अंचल से आने वाले राजेंद्र शुक्ल रीवा विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं और वे पहले भी मंत्री रह चुके हैं। महाकौशल अंचल से आने वाले लगभग 70 वर्षीय गौरीशंकर बिसेन बालाघाट विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। वे भी राज्य मंत्री के रूप में अपनी सेवाएं पहले भी दे चुके हैं। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के भतीजे राहुल लोधी बुंदेलखंड की खरगापुर विधानसभा सीट से विधायक हैं और वर्ष 2018 में पहली बार ही विधायक बने हैं। उन्हें राज्य मंत्री बनाकर अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समुदाय को साधने की कोशिश की गयी है। शपथ ग्रहण समारोह के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और भाजपा नेताओं ने नवनियुक्त मंत्रियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने मीडिया से चर्चा में कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने सभी समीकरणों को ध्यान में रखकर मंत्रिमंडल का विस्तार किया है और इसमें अनुभव के साथ ही युवा जोश को भी तवज्जो दी गयी है। उन्होंने कहा कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में शानदार विजय हासिल कर एक बार फिर से प्रदेश में सरकार बनाएगी। राज्य में आगामी नवंबर दिसंबर माह में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। हालाकि अभी चुनाव कार्यक्रम तय नहीं हुआ है।


No comments:
Post a Comment
Note: only a member of this blog may post a comment.