भीम आर्मी की सभा रविवार को भोपाल में हो रही है। इसमें प्रदेश भर से एक लाख से ज्यादा कार्यकर्ताओं के पहुंचने की उम्मीद है। इसके साथ-साथ जय युवा आदिवासी संगठन (जयस), ओबीसी महासभा, गोडवाना गणतंत्र पार्टी और आजाद समाज पार्टी के लोग भी इसमें शामिल हो रहे हैं। भेल दशहरा मैदान पर हो रही इस सभा में प्रदेश भर से एक लाख से ज्यादा कार्यकर्ताओं के पहुंचने की उम्मीद है। सुबह 11 बजे तक दशहरा मैदान में 20 हजार से ज्यादा लोग पहुंच चुके थे। भीम आर्मी के राष्ट्रीय प्रमुख चंद्रशेखर रावण भी इसमें शामिल हो रहे हैं। वह भोपाल पहुंच चुके हैं। दोपहर दो बजे के करीब 10 वाहनों की रैली के साथ वह भेल दशहरा मैदान में सभा स्थल में पहुंचेंगे। माना जा रहा है कि भीम आर्मी संगठन 2023 के विधानसभा चुनाव में एक मोर्चा बनाकर चुनाव मैदान में उतर सकता है। इस सभा में जय युवा आदिवासी शक्ति संगठन (जयस) के संरक्षक आनंद राय, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की अध्यक्ष मोनिका शाह भट्टी, ओबीसी महासभा के नेता महेन्द्र लोधी भी शामिल होंगे।
रैली के लिए शिवपुरी, विदिशा, शाजापुर, रतलाम, देवास, उज्जैन से लोग पैदल भी भोपाल पहुंचे हैं। इस आयोजन को मध्य प्रदेश में नवंबर में होने वाले चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। भीम आर्मी के सुनील अस्तेय ने बताया कि प्रदेश में एक जनवरी से सामाजिक न्याय यात्रा निकाली गई, जो 52 जिलों, 230 विधानसभा क्षेत्रों को भ्रमण कर चुकी है। राजधानी में रविवार को इसका समापन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भीम आर्मी राज्य और केंद्र सरकार से जातिगत जनगणना, आरक्षण की सीमा बढ़ाने, ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण देने, दो अप्रैल 2018 को अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों पर दर्ज किए गए आपराधिक प्रकरण वापस लेने, बैकलाग के खाली पदों पर भर्ती करने, ओबीसी के 51 हजार पदों पर नियुक्ति को लेकर लगी रोक हटाने, ठेकेदारी प्रथा खत्म करने, सफाई कर्मचारियों को नियमित करने और छात्रावासों की संख्या बढ़ाने की मांग कर रही है।

No comments:
Post a Comment
Note: only a member of this blog may post a comment.