Friday 5 June 2020

CM भूपेश ने क्वारंटाइन सेंटर में रह रहे श्रमिक दंपत्ति से वीडियो कॉल पर की बात


धमतरी के ग्राम पंचायत देवरी के क्वारंटाइन सेंटर में 26 मई से ठहरे 31 वर्षीय दानीराम सतनामी और उनके परिवार से मुख्यमंत्री ने स्काइप के जरिए चर्चा कर हालचाल जाना। इस केन्द्र में की गई व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं पर परिवार ने संतोष जताया।


प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने धमतरी विकासखंड के देवरी ग्राम पंचायत के प्राथमिक शाला में बने क्वारंटाइन सेंटर में रह रहे गुजरात से लौटे परिवार से चर्चा की। दानीराम सतनामी के अलावा उनकी पत्नी किरण सतनामी, पुत्री पायल सतनामी और पुत्र हुमेन्द्र सतनामी 26 मई से क्वारंटाइन सेंटर में हैं। मुख्यमंत्री ने इस दौरान उनके स्वास्थ्य, केन्द्र में की गई व्यवस्था और सुविधाओं की जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने श्रमिक परिवार को यहां रोजगार का एक प्रस्ताव भी दिया है।
उन्होंने दानीराम द्वारा गुजरात में उनके द्वारा किए जा रहे कार्य का विवरण लिया। दानीराम सतनामी ने बताया कि वे लोग गुजरात के साबरकाठा जिले में सर्जिकल में काम करते थे। इसके तहत डाॅक्टर्स के लिए इस्तेमाल होने वाले काॅटन तैयार करने का काम किया जाता था। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जो कार्य वे गुजरात में कर रहे थे, वह यहीं मिल जाए तो क्या वे करना चाहेंगे? इस पर प्रसन्नता जाहिर करते दानीराम ने हामी भरी और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री के पूछने पर शदानीराम ने बताया कि उन्हें क्वारंटाइन सेंटर में भोजन, चिकित्सा सहित बच्चों के खेलने के लिए खिलौने इत्यादि की बहुत अच्छी सुविधा मुहैय्या हो रही है। साथ ही अधिकारियों द्वारा भी नियमित रूप से उनका हाल-चाल पूछा जा रहा है। यही नहीं मुख्यमंत्री ने उनकी पत्नी और दोनों बच्चों से भी बात कर हाल चाल जाना। नन्हे बच्चों ने प्रसन्न होकर प्रदेश के मुखिया को अपना परिचय दिया।

No comments:

Post a Comment

Note: only a member of this blog may post a comment.