Sunday 16 February 2020

कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे ने महंत राजा सर्वेश्वर दास स्मृति में अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता का किया शुभारंभ



रायपुर ! हॉकी की नर्सरी संस्कारधानी राजनांदगांव में महंत राजा सर्वेश्वरदास स्मृति अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता का कृषि एवं जल संसाधन मंत्री रविन्द्र चौबे ने शुभारंभ किया। प्रतियोगिता 24 फरवरी तक अंतर्राष्ट्रीय एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में चलेगी। इसमें देश की 20 चुनिंदा टीमें हिस्सा ले रही है। उद्घाटन मैच मध्यप्रदेश हॉकी एकेडमी भोपाल और दिल्ली इलेवन गाजियाबाद के बीच खेला गया।
प्रतियोगिता के शुभारंभ समारोह के मुख्य अतिथि कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे ने अपने उद्बोधन में कहा कि हॉकी राजनांदगांव की पहचान है। क्रिकेट और फुटबाल की विश्वव्यापी लोकप्रियता के इस जमाने में भी राजनांदगांव में जनता के सहयोग से महंत राजा सर्वेश्वरदास की स्मृति में हर साल होने वाली हॉकी प्रतियोगिता की परंपरा को जीवित रखने और संजोने का काम किया गया है। यह प्रतियोगिता राजनांदगांव की विरासत बन गई हैं। चौबे ने कहा कि इस प्रतियोगिता को देखने के लिए जब भी मुझे मौका मिलता है, हर बार राजनांदगांव आता हूं। यहां आकर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खिलाडियों की प्रतिभा को देखने का सौभाग्य प्राप्त होता है। इस प्रतियोगिता को प्रसिद्धि की ऊंचाई पर पहुंचाने के लिए प्रदेश सरकार हर संभव सहयोग करेगी। कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने छत्तीसगढ़ को खेल के क्षेत्र में भी शिखर तक पहुंचाने के लिए खेल प्राधिकरण का गठन किया है। प्राधिकरण के जरिए खेल प्रतियोगिताओं और खिलाडियों को बढ़ावा मिलेगा। इसके लिए व्यापक कार्य योजना बनाई जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Note: only a member of this blog may post a comment.