Friday, 31 January 2020

बीजेपी आज जारी करेगी संकल्प पत्र,




नई दिल्ली ! दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी आज यानी शुक्रवार को अपना घोषणापत्र जारी करेगी। घोषणापत्र दिल्ली भाजपा कायार्लय में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और दिल्ली भाजपा प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर जारी करेंगे। प्रदेश भाजपा मीडिया प्रमुख अशोक गोयल देवराह ने गुरुवार को बताया कि केंद्रीय मंत्री गडकरी शुक्रवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी का संकल्पपत्र जारी करेंगे। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री व चुनाव प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर, भाजपा उपाध्यक्ष व दिल्ली प्रभारी श्याम जाजू, केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी, चुनाव प्रबंधन कमेटी के संयोजक एवं राष्ट्रीय मंत्री तरुण चुघ, पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल उपस्थित रहेंगे।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को जारी होने वाले घोषणापत्र में तीन मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किए जाने की संभावना है। इनमें झुग्गीवालों के लिए घर, यमुना रिवरफ्रंट और प्रदूषण मुक्त दिल्ली शामिल हो सकते हैं। भाजपा ने अपने घोषणापत्र में लोगों के सुझाव लेने के लिए 'मेरी दिल्ली, मेरा सुझाव' कार्यक्रम शुरू किया था।
भाजपा अपने घोषणापत्र में 'झुग्गी मुक्त दिल्ली' को स्थान दे सकती है। 'जहां झुग्गी, वहां मकान' भाजपा के प्रमुख चुनावी वादों में से एक है, जो शुक्रवार को दिल्ली चुनाव के लिए भी घोषणापत्र में जगह बना सकता है। हालांकि यह एक केंद्रीय योजना है, लेकिन भाजपा आठ फरवरी को दिल्ली के चुनावों में इसे भुनाना चाहेगी।
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, जो दिल्ली में भाजपा के प्रचार अभियान से निकटता से जुड़े रहे हैं, पहले ही कह चुके हैं कि केंद्र सरकार जहां झुग्गी, वहां मकान योजना के तहत झुग्गियों में किराए पर रहने वाले लोगों को भी फ्लैट मुहैया कराएगी। इससे कम से कम 10 लाख लोगों को लाभ होने की उम्मीद है और यही कारण है कि इसे भाजपा अपने चुनावी वादों में शामिल करना चाहेगी।

No comments:

Post a Comment

Note: only a member of this blog may post a comment.