Saturday 7 December 2019

अध्यक्ष की जिम्मेदारी राहुल को लेनी चाहिए: बघेल



रायपुर ! लोकसभा चुनाव के खराब नतीजों के बाद जुलाई महीने में कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने वाले राहुल गांधी की पद वापसी की संभावनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। कांग्रेस के प्रभारी महासचिव केसी वेणुगोपाल के बाद अब छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी राहुल को फिर से अध्यक्ष बनने की वकालत की है।
बघेल ने कहा, 'राहुल गांधी को कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष जरूर बनना चाहिए क्योंकि सभी पार्टी कार्यकर्ता उनके साथ हैं। वह राष्ट्रीय मुद्दों पर खुलकर बोलते हैं।' बघेल ने कहा कि गांधी को जल्द से जल्द पार्टी के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी लेनी चाहिए।
इससे पहले कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने कहा था, 'देश नाजुक दौर से गुजर रहा है। पार्टी को राहुल के नेतृत्व की जरूरत है और पार्टी के कार्यकर्ताओं की ओर से उनकी वापसी की मांग उठने लगी है। हमें उम्मीद है कि वह उनकी बात सुनेंगे।'
2007 में राहुल को कांग्रेस पार्टी का महासचिव बनाया गया। उसके बाद उनको उपाध्यक्ष बनाने की मांग 2013 में जयपुर अधिवेशन में उठी। पार्टी कार्यकर्ताओं की मांग के बाद राहुल गांधी 2017 में निर्विरोध कांग्रेस अध्यक्ष निर्वाचित हुए, लेकिन 2019 के आम चुनाव में उनके नेतृत्व में पार्टी का प्रदर्शन खराब रहने के कारण उन्होंने उसकी जिम्मेदारी लेते हुए मई में इस्तीफा दे दिया था।

No comments:

Post a Comment

Note: only a member of this blog may post a comment.