Friday 15 November 2019

प्रदेश में नए निवेश से होगा बदलाव, युवाओं को मिलेंगे मनपसंद रोजगार



भोपाल ! मुख्यमंत्री ने कहा है कि नए निवेश से प्रदेश में बदलाव आएगा। हम युवाओं को मनपसंद रोजगार के अवसर देंगे। समृद्ध मध्यप्रदेश का सपना साकार होगा। उन्होंने कहा कि मिलावटखोरी प्रदेश की जनता के साथ धोखा है। स्वस्थ्य मध्यप्रदेश बने, इसके लिए सरकार प्रतिबद्ध है। कमल नाथ विदिशा में 144 करोड़ रुपये लागत के नव-निर्मित 350 बिस्तरीय जिला चिकित्सालय भवन का लोकार्पण कर उपस्थित जन-समुदाय को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने लोकार्पण समारोह में घोषणा की कि यह अस्पताल 500 बिस्तर का किया जायेगा। अस्पताल का नामकरण स्वर्गीय माधवराव सिंधिया के नाम पर होगा। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर विदिशा जिले में 23 करोड़ रूपये लागत के निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने 11 माह में साफ नीयत और नीति से पूरे प्रदेश में भरोसे का वातावरण बनाया है। विरासत में मिली बदहाली से प्रदेश को मुक्त कराने के लिए आधारभूत निर्णय भी लिए हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य की बेहतर व्यवस्थाओं के साथ बेरोजगारी को समाप्त करने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।  कमल नाथ ने कहा कि अल्प समय में किए गए प्रयासों से उद्योगों की प्रदेश के प्रति रुचि बढ़ी है, वे निवेश के लिए आगे आए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि नई सोच के युवाओं को, जो स्वाभिमान के साथ आगे बढ़ना चाहता हैं, उन्हें अपने ही प्रदेश में मनपसंद रोजगार मिले। उन्होंने बताया कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, इसके लिए सुनियोजित नीति तैयार की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने किसानों को अर्थ-व्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि किसानों को कर्ज माफी से नहीं, खेती को मुनाफे का व्यवसाय बनाकर खुशहाल बनाएंगे। उन्होंने बताया कि विदिशा जिले में 86 हजार किसानों का कर्ज माफ हुआ है। शेष किसानों की कर्ज माफी की प्रक्रिया प्रचलन में है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दिनों हुई अति-वृष्टि से हमारे किसानों की फसलें चौपट हुई हैं और अधोसंरचना को भी भारी नुकसान पहुँचा है। केन्द्र सरकार मदद देने के मामले में प्रदेश की जनता से सौतेला व्यवहार कर रही है। केन्द्रीय अध्ययन दल के सर्वे के बाद भी प्रदेश को अभी तक कोई भी सहायता राशि प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि इसके बावजूद राज्य सरकार ने किसानों को राहत राशि देना शुरु कर दिया है।
मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पित 350 बिस्तरीय जिला चिकित्सालय भवन में विदिशा जिले के 16 लाख आबादी के साथ ही आसपास के जिलों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। अस्पताल में अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएँ मिलेंगी। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर चिकित्सा, अनुसूचित जाति, स्कूल शिक्षा, ऊर्जा एवं उच्च शिक्षा से जुड़े निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवासीय पट्टे भी वितरित किये।
लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री  तुलसीराम सिलावट ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए 30 प्रतिशत बजट बढ़ाया है। अब तक 1800 नए डॉक्टरों की पदस्थापना की गई है और 4000 रिक्त पदों को भरा गया है। चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. विजयलक्ष्मी साधौ ने कहा कि प्रदेश में 10 नए मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे। चिकित्सा महाविद्यालयों की सीटों में चार गुना वृद्धि की जाएगी। नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री  हर्ष यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पिछड़े वर्ग को 27 और सामान्य वर्ग को 10 प्रतिशत आरक्षण देकर अपना वचन निभाया है।

No comments:

Post a Comment

Note: only a member of this blog may post a comment.