मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने ‘‘भारत छोड़ो आंदोलन‘‘ दिवस पर कहा कि 9 अगस्त देशवासियों के लिए राष्ट्रीय अभिमान और गौरव का दिन है, इस दिन वर्ष 1942 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नेतृत्व में देश की आवाम ने अंग्रेजी हुकूमत को देश छोड़कर चले जाने कहा था। 
    श्री बघेल ने कहा कि भारत छोड़ो आंदोलन स्वतंत्रता संग्राम के आंदोलन का मील का पत्थर है। इसी दिन से देश में सामूहिक नागरिक अवज्ञा आंदोलन ‘करो या मरो‘ शुरू हुआ। यह लाखों आम हिन्दुस्तानियों का जन आंदोलन था, जिसने अंग्रेजों को देश छोड़कर जाने के लिए मजबूर कर दिया। श्री बघेल ने कहा कि हम सब मिलकर स्वतंत्रता के इस गौरवशाली इतिहास को याद कर आत्मगौरव की अनुभूति करें और देश के लाखों लोगों के बलिदान और संघर्षों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करें।