Thursday 24 January 2019

मुख्यमंत्री कमल नाथ- प्रदेश में निवेश को बेहतर प्रबंधन के लिए बनाया जा रहा सकारात्मक वातावरण

मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कहा है कि 'निवेश की मांग नहीं की जा सकती। निवेश को बेहतर प्रबंधन के साथ निमंत्रित किया जा सकता है। निवेश को निमंत्रित करने के लिए प्रदेश में सकारात्मक माहौल बनाने की आवश्यकता होती है। हम मध्यप्रदेश में ऐसा वातावरण तैयार कर रहे हैं, जिससे प्रदेश में ज्यादा से ज्यादा निवेश को आकर्षित किया जा सके। हम प्रदेश में निवेश और बिजनेस को सरल, सुगम और लाभकारी बनाने पर काम कर रहे हैं।” मुख्यमंत्री नाथ दावोस में सीआईआई और मध्यप्रदेश सरकार के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित ‘इन्वेस्ट मध्यप्रदेश’ कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री नाथ ने कान्फ्रेंस में प्रतिभागी उद्योगपतियों को मध्यप्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम उद्योगपतियों को बिजनेस के लिए सबसे बेहतर परिस्थितियाँ औऱ माहौल उपलब्ध कराएंगे। कॉन्फ्रेंस में दुबई लूलू ग्रुप के एम ए युसूफ अली ने मुख्यमंत्री  नाथ को विश्वास दिलाया कि कंपनी द्वारा मध्यप्रदेश में कंवेशन सेंटर की स्थापना की जाएगी। वेलस्पन ग्रुप के बी.के. गोयनका ने जलापूर्ति एवं आधारभूत संरचना में निवेश का भरोसा दिया। ट्राईडेंट ग्रुप के  राजिंदर गुप्ता ने प्रदेश में शीघ्र ही टेक्सटाइल क्षेत्र में निवेश करने का आश्वासन दिया, जिसमें 10 हजार लोगों के लिए रोजगार की संभावनाएँ पैदा होंगी। मुख्य सचिव एस.आर. मोहंती ने सभी उद्योगपतियों का स्वागत करते हुए ‘इंवेस्टमेंट इन मध्यप्रदेश’ विषयक प्रेजेंटेशन दिया। प्रेजेंटेशन में उद्योगपतियों को प्रदेश में निवेश की संभावनाओं और अनुकूल वातावरण की विस्तार से जानकारी दी गयी। कॉन्फ्रेंस में हेल्थ केयर, शिक्षा, निर्माण सहित विभिन्न क्षेत्रों के उद्योगपति शामिल हुए।
दावोस में नामी उद्योगपतियों से मिले मुख्यमंत्री कमल नाथ
मुख्यमंत्री कमल नाथ ने वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम द्वारा दावोस में आयोजित विश्व आर्थिक सम्मेलन में मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं के बारे में उद्योगपतियों से मुलाकात की। बुधवार को मुख्यमंत्री  नाथ ने देश के बड़े उद्योगपतियों से वन-टू-वन भेंट कर उन्हें मध्यप्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री नाथ के साथ सभी उद्योगपतियों ने उत्साहपूर्वक चर्चा की और प्रदेश में हर प्रकार की संभावनाओं को तलाश कर निवेश करने का भरोसा दिया । विश्व आर्थिक मंच पर मुख्यमंत्री  नाथ ने अडानी ग्रुप के  गौतम अडानी, वेलस्पन ग्रुप के बी के गोयनका, डालमिया ग्रुप के  पुनीत डालमिया, भारत फोर्ज के  अमित कल्याणी, ट्राइडेंट ग्रुप के राजिंदर गुप्ता, अडानी पावर के श्री अनिल सरदाना, अमर राजा ग्रुप के जयदेव गाल्ला, वी ई कॉमर्शियल्स के राहुल राय, आईनॉक्स ग्रुप के  सिद्धार्थ जैन, सन ग्रुप के  शिव खेमका, ट्राईमेक्स ग्रुप के प्रदीप कोनेरू, आरएमजेड कॉर्प के  मनोज मेंडा, भारती इंटरप्राइजेज के राकेश भारती मित्तल, रिन्यू पावर के सुमंत सिन्हा, सुजलॉन एनर्जी के तुलसी तांती और लुलु ग्रुप के  एम. ए. युसूफ अली से मुलाकात की। मुख्यमंत्री नाथ ने सभी उद्योगपतियों को प्रदेश की निवेश नीतियों और राज्य सरकार द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया। उद्योगपतियों के साथ मुलाकात में मुख्यमंत्री के साथ मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव एस.आर. मोहंती, प्रमुख सचिव उद्योग  मोहम्मद सुलेमान और मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव अशोक बर्णवाल भी मौजूद थे।

No comments:

Post a Comment

Note: only a member of this blog may post a comment.