Saturday 14 April 2018

कामयाब महिलाओं को मुख्यमंत्री चौहान ने किया सम्मानित

कामयाब महिलाओं को मुख्यमंत्री चौहान ने किया सम्मानित

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि राज्य शासन का पूरा फोकस प्रदेश में महिला सशक्तिकरण पर है। मुख्यमंत्री आज इंदौर के अभय प्रशाल में फिक्की महिला संस्था द्वारा पॉवर टू एमपॉवर कार्यक्रम में इंदौर की उन चुनिंदा कामयाब महिलाओं को सम्मानित कर रहे थे, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में सफलता के साथ अपनी विशिष्ट पहचान बनायी है। इंदौर की महापौर श्रीमती मालिनी गौड़, केन्द्रीय इस्पात मंत्रालय सचिव डॉ. श्रीमती अरूणा शर्मा, विधायकगण श्री महेन्द्र हार्डिया, श्री सुदर्शन गुप्ता और श्री राजेश सोनकर इस मौके पर उपस्थित थे।
श्री चौहान ने कहा कि उनके मन में सदैव महिलाओं के उत्थान एवं उन्नति हेतु संवेदन शीलता रही है। इसी लिए सबसे पहले मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह योजना बनाई, फिर लाड़ली लक्ष्मी योजना बनाई। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में 28 लाख लाड़ली लक्ष्मी बालिकाएँ हैं। जब ये बालिकाएँ 21 वर्ष की होंगी, तब इनके खातों में 32 हजार करोड़ रुपये राशि जमा हो जायेगी। उन्होंने बताया कि राज्य शासन ने महिला स्व-सहायता समूहों को और अधिक सशक्त बनाने का निर्णय लिया है। इन समूहों में शामिल अधिकतर ग्रामीण महिलाएँ आज मजबूती से आगे आकर आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में क्रांति ला रही हैं। श्री चौहान ने कहा कि महिलाओं के विरूद्ध अपराधों पर राज्य शासन ने अत्यंत संवेदनशीलता बरतते हुए कड़े कानून लागू किये हैं।
मुख्यमंत्री ने समाज सेवा के लिए मोनिका पुरोहित, कला एवं संस्कृति के लिए रागिनी मक्सर, शिक्षा के लिए रश्मि आहूजा, स्पोर्टस के लिए सारा यादव तथा कनिका टेकरीवाल को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर प्रथम फूड एटीएम का फीता काट कर शुभारंभ किया। फूड एटीएम से जरूरतमंदों को भोजन मिलेगा।

No comments:

Post a Comment

Note: only a member of this blog may post a comment.