Tuesday 20 February 2018

भाजपा पराजय के डर से बौखला रही है: अरूण यादव


भाजपा पराजय के डर से बौखला रही है: अरूण यादव       


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री अरूण यादव ने आज प्रदेश के मुंगावली विधानसभा उपुचनाव के दौरान मूडरी, प्यासी पिपरई, केंथन, देरासा, मक्तनखेड़ी, कुकरेठा, भांढोली, ललोई, भरियाखेडी में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए मतदाताओं से कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
श्री यादव आज क्षेत्र के मतदाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा पराजय के डर से बौखला रही है, मुख्यमंत्री अपने शासकीय कामकाज को छोड़कर पूरे मंत्रिमंडल के साथ मुंगावली-कोलारस में ही डेरा डाले हुए हैं। सत्तारूढ़ भाजपा के तमाम अमले को भाजपा प्रत्याशी को जिताने के लिए लगा दिया गया है। मतदाताओं को तरह-तरह के प्रलोभन देकर प्रलोभित किया जा रहा है, लेकिन भाजपा के मंत्रियों की सच्चाई जनता के सामने खुद-ब-खुद उजागर होती जा रही है, वे इतने बौखला रहे हैं कि मतदाताओं को धमकाने, डराने जैसे अनैतिक कृत्य तक कर रहे हैं। शासन द्वारा सुविधाऐं न दिये जाने की सार्वजनिक रूप से चेतावनी दे रहें हैं। श्री यादव ने कहा कि भाजपा सत्ता में काबिज होने का गुरूर कर रही है, लेकिन उन्हें इतना जरूर समझना चाहिए कि जनता अब सब समझ चुकी है।
श्री यादव ने कोलारस-मुंगावली के मतदाताओं से कहा कि वे इस भ्रष्टाचारी, घपले-घोटालेबाज, किसानों को खून के आंसू रूलाने वाली, महिलाओं पर अत्याचार करने वाली, युवाओं का हक छीनने, आम नागरिकों के साथ छलावा करने वाली भाजपा सरकार और उसके नुमाइंदों को पनाह न दें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव से आम नागरिकों, किसानों, गरीबों-मजदूरों तथा सर्वहारा वर्ग की पार्टी रही है, जिसने देश और प्रदेश में केवल विकास की बात कहीं ही नहीं, बल्कि प्रगतिशील प्रदेश की श्रेणी में लाकर खड़ा भी किया है।

No comments:

Post a Comment

Note: only a member of this blog may post a comment.