Tuesday 21 November 2017

लोक सेवा प्रबंधन मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने की समीक्षा

लोक सेवा केन्द्र पर रोस्टर में प्राधिकार अधिकारी नियुक्त कर सकेंगे जिलाधीश
नागरिकों को एक दिन में 40 सेवाएँ और मिल सकेंगी
लोक सेवा प्रबंधन मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने की समीक्षा
लोक सेवा प्रबंधन एवं उच्च शिक्षा मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने प्रत्येक लोक सेवा केन्द्र पर एक प्राधिकार अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए हैं। यह प्राधिकार अधिकारी जिला कलेक्टर द्वारा रोस्टर के अनुसार नियुक्त किये जाएंगे। प्राधिकार अधिकारी के जरिये 40 सेवाएँ नागरिकों को उसी दिन दी जा सकेंगी। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने पिछली समीक्षा बैठक में नागरिकों को एक दिन में सेवाएँ देने के निर्देश दिये थे।

प्राधिकार अधिकारी राजपत्रित अधिकारी होंगे और मौके पर ही प्रस्तुत आवेदन के साथ संलग्न दस्तावेजों का सत्यापन करवा कर उसी दिन नागरिकों को सेवाएँ देने का काम करेंगे। आने वाले समय में इसमें और सेवाएँ जोड़ी जाएंगी। अभी राजस्व, पंचायत एवं सामाजिक न्याय, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, श्रम, सामान्य प्रशासन और गृह विभाग की योजनाओं को शामिल किया गया है।
श्री पवैया ने लोक सेवा केन्द्र, एम.पी. ऑनलाइन और नागरिक सेवा केन्द्र में सभी प्रकार की सेवाएँ देने के निर्देश दिए। इसके जरिये ग्राम पंचायत स्तर तक सेवाएँ नागरिकों को उपलब्ध हो सकेंगी। श्री पवैया ने नागरिकों को सेवा प्रदाय करने की समय-सीमा में संशोधन करने को कहा। उन्होंने कहा कि अधिक समय-सीमा को घटाने का प्रयास किया जाए।
समीक्षा बैठक में बताया गया कि वर्तमान में 393 सेवाएँ लोक सेवा केन्द्र में अधिसूचित हैं। आने वाले समय में इसमें 150 सेवाओं को और शामिल किया जाएगा। मध्यप्रदेश देश में इतनी सेवाएँ देने वाला दूसरा राज्य है। इसमें प्रथम स्थान पर कर्नाटक है।
लोक सेवा प्रदान करने में उत्कृष्ट अधिकारियों की ग्रेडिंग तैयार कर सिविल सर्विस-डे 21 अप्रैल को सम्मानित किया जाएगा। इसमें राज्य-स्तर पर मुख्यमंत्री और जिला-स्तर पर प्रभारी मंत्री द्वारा उत्कृष्ट अधिकारी का सम्मान किया जाएगा। प्रदेश में नीति सुधार के लिए नागरिकों के सुझावों को शामिल करने My Gov पोर्टल बनाया गया है।

बैठक में सचिव श्री हरिरंजन राव, कार्यपालन संचालक लोक सेवा अभिकरण श्री नंदकुमारम् और अभिकरण के संचालक श्री चन्द्रमोहन मिश्रा उपस्थित थे

No comments:

Post a Comment

Note: only a member of this blog may post a comment.