Sunday 29 October 2017

नेपाल बस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ी

नेपाल बस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ी-एक भारतीय सहित 31 की मौत



नेपाल बस हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़ गई है, उसमें एक भारतीय समेत 31 की मौत हो चुकी है। यह हादसा शनिवार को तब हुआ था, जब मध्य नेपाल के धाडिंग जिले में यात्रियों से भरी एक बस बेकाबू होकर नदी में जा गिरी थी। हादसे में भारतीय महिला सहित 31 लोगों की मौत हुई है। भारतीय महिला की पहचान ममता ठाकुर के रूप में हुई है। धाडिंग के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ध्रुबा राज राउत ने बताया कि बस राजबिराज से काठमांडू जा रही थी। शनिवार सुबह 5.00 बजे घाटबेसी मोड़ के पास चालक नियंत्रण खो बैठा और बस त्रिशूली नदी में गिर गई। 16 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। राउत ने 31 लोगों के मरने की पुष्टि की है। अब तक 28 शवों को निकाला जा चुका है। बाकी लापता यात्रियों को ढूंढ़ने के प्रयास जारी हैं। हादसे के शिकार अधिकतर लोग सपतरी जिले के रहने वाले थे। घायल यात्रियों को निकट के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों को काठमांडू रेफर किया गया है। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, खराब दृश्यता होने के कारण ड्राइवर ने हाईवे पर मोड़ने के दौरान बस पर से नियंत्रण खो दिया। इसी कारण हादसा हुआ। पुलिस की मानें तो बस में 52 लोग सवार थे।

No comments:

Post a Comment

Note: only a member of this blog may post a comment.