Wednesday 11 October 2017

भारत ने पहले मुकाबले में जापान को 5-1 से हराया

भारत ने पहले मुकाबले में जापान को 5-1 से हराया
भारत ने एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में शानदार जीत के साथ शुरुआत की है। मनप्रीत सिंह की कप्तानी में भारतीय टीम ने जापानी टीम को 5-1 से हराया। भारत की ओर से हरमनप्रीत सिंह ने दो जबकि एसवी सुनील, ललित उपाध्याय और रमनदीप सिंह ने एक-एक गोल किये। वहीं जापान की ओर से एकमात्र गोल केनजी किताजातो ने किया। भारतीय टीम ने खेल के तीसरे ही मिनट में ही एसवी सुनील के गोल की सहायता से जापान के खिलाफ 1-0 से बढ़त बढ़त हासिल कर ली। एक मिनट के बाद ही पलटवार करते हुए किताजातो ने गोल दागकर जापानी टीम को 1-1 से बराबरी पर ला दिया। इसके बाद 22वें मिनट में एक गोल कर ललित उपाध्याय ने भारत को एक बार फिर 2-1 से आगे कर दिया। दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमों ने गोल करने के लिए कई हमले किये। इसी बीच भारत को एक पेनल्टी कॉर्नर भी मिला पर टीम गोल नहीं कर पाई हालांकि भारतीय टीम की बढ़त बरकरार रही।
तीसरे क्वार्टर में भारत ने दबाव बनाया और 32वें मिनट में रमनदीप ने गोल कर बढ़त 3-1 कर दी। 35वें मिनट में हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल कर स्कोर 4-1 कर दिया। आखिरी क्वार्टर में हरमनप्रीत सिंह ने 48वें मिनट में मिले एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल कर भारत को 5-1 से आगे कर दिया। इस प्रकार मैच में भारतीय टीम को अजेय बढ़त हासिल हो गयी थी। इस जीत से उत्साहित भारतीय टीम का मुकाबला अब शुक्रवार को मेजबान बांग्लादेश से होगा।इस टूर्नामेंट के पूल-ए में भारत, जापान के अलावा पाकिस्तान और बांग्लादेश की भी टीमें हैं। वहीं पूल-बी में मलेशिया, दक्षिण कोरिया, चीन और ओमान की टीमें हैं।

No comments:

Post a Comment

Note: only a member of this blog may post a comment.