Sunday 22 October 2017

मिशन 2018 में जुटी कांग्रेस-बाबरिया तीन दिवसीय भोपाल दौरे पर

मिशन 2018 में जुटी कांग्रेस-बाबरिया तीन दिवसीय भोपाल दौरे पर

अगले साल प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं। मिशन 2018 को फतह करने के लिए भाजपा के साथ ही कांग्रेस भी अब मैदानी रणनीति बनाने के लिए सक्रिय हो गई है। एक माह के दौरान दूसरी बार कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया भोपाल पहुंचे। बावरिया  तीन दिन तक भोपाल में रहकर जिलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मैदानी फीडबैंक लेंगे। इस दौरान वह विधानसभा चुनाव में जीत के लिए कार्यकर्ताओं को टिप्स भी देंगे। प्रदेश प्रभारी की प्रदेश में बढ़ती सक्रियता से कांग्रेस में भी स​क्रियता बढ़ती नजर आ रही है। प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया रविवार से तीन दिन तक भोपाल में रहकर भोपाल और आसपास के जिलों के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। वह 24 अक्टूबर की रात वापस अहमदाबाद लौट जाएंगे। इन बैठकों में पीसीसी के संगठन प्रभारी महामंत्री चंद्रिका प्रसाद द्विवेदी भी मौजूद रहेंगे। 
प्रदेश में दो सीटों पर होने वाले विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी चयन के मुददे पर बाबरिया पार्टी के सीनियर नेताओं से चर्चा करेंगे। चुनाव में जीत दिलाने वाले प्रत्याशी के लिए कांग्रेस मंथन कर रही है। हालांकि बाबरिया के अनुसार प्रत्याशी के नाम की घोषणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरूण यादव करेंगे। बावरिया 22 अक्टूबर की सुबह मुंबई से भोपाल आए। व​ह प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के कांफ्रेंस कक्ष में राजगढ़, विदिशा, भोपाल, सीहोर, रायसेन, होशंगाबाद, हरदा जिलों की जिलेवार बैठकें लेंगे। बैठक में संबंधित जिले के जिला, शहर कांग्रेस अध्यक्ष, सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व अध्यक्ष, वर्ष 2014 लोकसभा एवं वर्ष 2008-2013 के विधानसभा प्रत्याशी, मोर्चा संगठनों के जिला अध्यक्ष, युवा कांग्रेस विधानसभा प्रभारी, नगर पालिका, नगर परिषद के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष उपस्थित रहेंगे। 
बाबरिया ने रविवार को सुबह 10.30 बजे से प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के कांफ्रेंस कक्ष में राजगढ़ के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक लेनी शुरू कर दी। उन्होंने राजगढ़ की विधानसभा और लोकसभा सीटों के अलावा मैदानी स्तर पर पार्टी के आयोजन, जनता में पार्टी की स्थिति को लेकर चर्चा की। इसके बाद वह दोपहर 3 बजे विदिशा तथा सायं 6.30 बजे भोपाल जिले कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इसी प्रकार सोमवार 23 अक्टूबर को सुबह 10.30 बजे सीहोर, दोपहर 3 बजे रायसेन तथा सायं 6.30 बजे भोपाल जिला और बैठक के तीसरे दिन मंगलवार 24 अक्टूबर को सुबह 10.30 बजे से होशंगाबाद तथा दोपहर 3 बजे से हरदा जिले के संबंधित प्रतिनिधियों की बैठक लेंगे।

प्रदेश प्रभारी द्वारा मैदानी कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ किए जा रहे सीधे संवाद से पार्टी में नई जान आने की संभावना नजर आ रही है। इससे पार्टी को जमीनी स्तर पर जो परेशानियों आ रही हैं, उनका भी निराकरण किया जा सकेगा।

No comments:

Post a Comment

Note: only a member of this blog may post a comment.