Friday 15 September 2017

प्रदेश में भू-जल स्तर बढ़ाने के लिये पानी रोकने का अभियान शुरू



प्रदेश में भू-जल स्तर बढ़ाने के लिये पानी रोकने का अभियान शुरू

मुख्यमंत्री श्री चौहान का सी.एम. फैलोज से संवाद
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में पानी रोकने का अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान में बहते पानी को रोका जा रहा है, जिससे भू जल स्तर बढ़ सके और जरूरत पड़ने पर सिंचाई के लिये जल मिल सके। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज मुख्यमंत्री निवास पर सी.एम. फैलोज के साथ संवाद कर रहे थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सी.एम.फैलोज जब जिलों में जाये तो पेयजल उपलब्धता का आंकलन करें तथा नल-जल योजना के बारे में फीडबेक दे। कम वर्षा की स्थिति को देखते हुए स्थिति से निपटने की तैयारी की जा रही है। प्रदेश में किसानों की आय को दोगुना करने के लिये विकासखण्ड स्तर पर योजना बनाई जा रही है। इसके लिये किसानों के साथ कृषि वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों से चर्चा की जा रही है। आम जन की समस्याओं के समाधान के लिये मुख्यमंत्री हेल्प लाइन और समाधान ऑन लाइन की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री निवास पर तथा भ्रमण के दौरान भी आम जन के आवेदन आते हैं। प्राप्त आवेदनों का विश्लेषण कर जनता की अपेक्षाओं को समझा जाता है तथा उसके अनुसार योजनाएँ बनाई जाती हैं या आवश्यक सुधार किये जाते हैं। उन्होंने कहा कि सी.एम. फैलोज द्वारा दिया गया फीडबेक महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने सी.एम. फैलोज से मुख्यमंत्री सचिवालय तथा मुख्यमंत्री निवास में पदस्थ अधिकारियों का परिचय करवाया।

मुख्यमंत्री के सचिव श्री विवेक अग्रवाल ने सी.एम. फैलोज की कार्य-प्रणाली के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि सी.एम.फैलोज जिलों में मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में जायेंगे। वे मुख्यमंत्री सचिवालय को फीडबेक देंगे। यह फैलोज राज्य सरकार की फ्लेगशिप योजनाओं और कार्यक्रमों के संबंध में फीडबेक देंगे तथा आवश्यकतानुसार सुझाव भी देंगे। वे योजनाओं और कार्यक्रमों से संबंधित नये आयडिया भी दे सकते हैं। उनका कार्य आम जनता के लिये सेवा कार्य रहेगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव द्वय श्री अशोक वर्णवाल और श्री एस.के. मिश्रा, मुख्यमंत्री के ओ.एस.डी. अपर पुलिस महानिदेशक श्री आदर्श कटियार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री हरिरंजन राव, अपर सचिव श्री चन्द्रशेखर, उप सचिव श्री नंदकुमारम और श्री नीरज वशिष्ठ भी उपस्थित थे।

No comments:

Post a Comment

Note: only a member of this blog may post a comment.