Monday 28 August 2017

हेलीकॉप्टर से गए और सजा सुनाकर लौटे रियल हीरो

हेलीकॉप्टर से गए और सजा सुनाकर लौटे रियल हीरो



 डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को दस साल की सजा सुनाने वाले रीयल हीरो सीबीआइ के जज जगदीप सिंह हवाई मार्ग के जरिये सुनारिया जेल पहुंचे और अपना अभूतपूर्व फैसला सुनाने के बाद कड़ी सुरक्षा में हवाई मार्ग के जरिये ही वापस आ गए। पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के निर्देश पर सीबीआई जज को कड़ी सुरक्षा में रखा गया था। भविष्य में किसी भी तरह की अनहोनी को टालने के लिए न्यायाधीश को जेड प्लस सिक्योरिटी देने पर विचार किया जा रहा है।

सीबीआइ जज जगदीप सिंह लोहान के सुनारिया जाने से लेकर वापसी तक न केवल कड़े सिक्योरिटी बंदोबस्त रहे, बल्कि उनके आसपास किसी को फटकने तक नहीं दिया गया। एसपी रैैंक के अधिकारी और कमांडो सीबीआइ जज की सिक्योरिटी में तैनात किए गए थे। 25 अगस्त को गुरमीत राम रहीम को दुष्कर्म का दोषी ठहराया गया था। उसी दिन अगर सजा सुनाई जाती तो हालात अधिक बिगड़ सकते थे। न्यायाधीश ने 28 अगस्त को सजा सुनाने की बात कही थी।

डेरा मुखी को दोषी करार दिए जाने के बाद राज्य में हुई हिंसा में 38 लोग मारे जा चुके हैैं। इसे देखते हुए हाई कोर्ट ने सरकार को निर्देश दिए कि रोहतक की सुनारिया जेल में ही सीबीआइ अदालत लगाई जाए। हाई कोर्ट के निर्देश के बाद राज्य सरकार ने सीबीआइ जज को हवाई मार्ग के जरिये सुनारिया जेल ले जाने का बंदोबस्त किया।

जगदीप सिंह लोहान दोपहर करीब 12 बजे के आसपास पंचकूला से पहले चंडीगढ़ के सेक्टर एक स्थित राजेंद्र नगर आए। वहां से उन्होंने हेलीकॉप्टर के जरिये सुनारिया के लिए उड़ान भरी। करीब दो बजे वे सुनारिया पहुंचे। सुनारिया जेल के लाइब्रेरी हाल में सीबीआइ की विशेष अदालत लगाई गई। कोर्ट की कार्यवाही ढाई बजे शुरू हुई और साढ़े तीन बजे तक निपट चुकी थी। जगदीप सिंह हेलीकॉप्टर के जरिये ही वापस लाए गए। उनके पंचकूला घर की भी कड़ी सुरक्षा की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Note: only a member of this blog may post a comment.